बहादुरगढ़। झज्जर रोड स्थित सब्जी मंडी में अवैध सब्जी विक्रेताओं के खिलाफ सब्जी मंडी के रजिस्टर्ड सब्जी विक्रेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। सब्जी विक्रेताओं ने 9 जुलाई से सब्जी मंडी बंद कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी है। इस दौरान सब्जी की खरीद-फरोख्त बंद रखने की चेतावनी भी दी गई है।
दरअसल, सब्जी मंडी में रजिस्टर्ड सब्जी विक्रेता अवैध सब्जी विक्रेताओं को हटाने की पिछले लंबे समय से मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों की तरफ प्रशासनिक अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। सब्जी विक्रेता बलवान और ओम प्रकाश का कहना है कि बहादुरगढ़ की सब्जी मंडी में किसान शेड के नीचे 80 से ज्यादा अवैध सब्जी विक्रेता बैठे हैं, जो ना तो मार्केट कमेटी को किराया देते हैं और ना ही फीस।
उन्होंने बताया कि यहां की मंडी में 210 रजिस्टर्ड सब्जी विक्रेता हैं। जिन्हें मार्केट कमेटी ने यहां काम करने की अनुमति दी है। बाकायदा सब्जी विक्रेताओं से यहां काम करने की फीस ली जाती है। मगर अवैध सब्जी विक्रेता भी सब्जी मंडी में काम कर रहे हैं। जिनकी वजह से एक तरफ तो रजिस्टर्ड सब्जी विक्रेताओं का काम प्रभावित हो रहा है तो वहीं दूसरी तरफ सरकार को राजस्व का नुकसान भी हो रहा है।
बहादुरगढ़ की सब्जी मंडी के रजिस्टर्ड सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि उन्होंने कई बार इसकी शिकायत अधिकारियों और विधायक से की है, लेकिन अवैध सब्जी विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों और आढ़तियों पर भी अवैध काम के लिए मिली भगत करने के आरोप लगाए हैं।