झज्जर। विभिन्न कॉलेजों में बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए और बीसीए आदि स्नातक कक्षाओं की दूसरी मेरिट लिस्ट के दाखिले चल रहे हैं। राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय झज्जर के मीडिया प्रभारी डॉ. अमित भारद्वाज ने बताया कि ऑनलाइन फीस 7 जुलाई तक भरनी होगी। साथ ही फीस भरने के बाद विद्यार्थियों को अपने दस्तावेजों की जांच के लिए कॉलेज में उपस्थित होना होगा।
नेहरू कॉलेज में विभिन्न कक्षाओं में पहली और दूसरी मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद अब तक 274 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन फीस जमा करवाई है। इनमें 160 छात्र और 114 छात्राएं हैं। अलग-अलग कक्षाओं की बात करें तो बीए के 153, बीएससी फिजिकल साइंस के 17, बीएससी लाइफ साइंस के 20, बीएससी गणित के 11, बीकॉम के 14, बीसीए के 40 तथा बीबीए के 19 विद्यार्थियों ने फीस जमा करवाई है।
राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय में यूजी कक्षाओं के सात पाठ्यक्रमों की 1200 सीटों के लिए 1567 आवेदन किए गए थे। इन सीटों पर दाखिलों के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग ने अपने पोर्टल पर 556 विद्यार्थियों की पहली मेरिट लिस्ट जारी की थी। इसके बाद 106 विद्यार्थियों की दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की गई है।
इनमें बीए के 35, बीसीए के 34, बीबीए के 17, बीकॉम के एक, बीएससी फिजिकल साइंस के दो, बीएससी लाइफ साइंस के 7 और बीएससी गणित के 10 विद्यार्थियों की मेरिट लिस्ट जारी की गई।
ऑनलाइन जमा होगी फीस
एडमिशन पोर्टल पर ‘नो योर रिजल्ट’ टैब से पता लग जाएगा कि दाखिला किस कॉलेज के किस कोर्स में हुआ है। जिन अभ्यर्थियों का नाम मेरिट लिस्ट में आया है, वे 7 जुलाई तक फीस जमा कर सकते हैं। सरकारी कॉलेजों की फीस ऑनलाइन जमा होगी जबकि प्राइवेट कॉलेजों की फीस ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से जमा की जा सकती है।
फीस भरने के बाद एडमिशन पोर्टल से रसीद डाउनलोड करें। दाखिला शुरू में अस्थाई होगा और कॉलेज में सभी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। कोई कमी मिलने पर कॉलेज दाखिले को रद्द कर सकता है।