आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र चौकी पुलिस ने घायलों को तुरंत निजी अस्पताल में पहुंचाया। फिलहाल घायलो की हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है।
हरियाणा के बहादुरगढ़ में दिल्ली रोहतक रोड पर आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में मामा भांजा चौक पर स्थित एक ढाबा में लगातार दो रसोई गैस सिलिंडर फट गए। इससे ढाबे पर काम करने वाले 6 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम और आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसा बुधवार को देर रात साढ़े 9 बजे हुआ। घायलों में विशाल, संदीप सिंह, विष्णु, सूरज, पवन और अजय शामिल है। बताया गया है कि ढाबे के बाहर स्थित एक बिजली ट्रांसफार्मर में आग लग गई।
इसके बाद आग भड़कते हुए ढाबे में नजदीक रखे गए सिलिंडर में पहुंच गई। काम करने वाले कर्मचारियों को आग बुझाने का मौका ही नहीं मिला और अचानक ही सिलिंडर ब्लास्ट हो गए। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।