झज्जर। खेल विभाग से आयुष विभाग में समायोजित होने वाले आयुष योग सहायकों को जॉब सिक्योरिटी पॉलिसी में शामिल करने की मांग को लेकर योग शिक्षकों ने योग शिक्षक वेलफेयर सोसायटी के बैनर तले उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
परमीत सिंह, दिनेश शर्मा, संजय, गुलशन ने बताया कि लगभग 200 आयुष योग सहायक वर्ष 2018 में पार्ट-एक पॉलिसी के तहत खेल विभाग में नियुक्त हुए थे। नवंबर 2019 में खेल विभाग ने हमें आयुष विभाग में समायोजित करने का लेटर दिया और कहां कि एक दिसंबर 2019 के बाद से आपकी सेवाएं आयुष विभाग लेगा। इस दौरान खेल विभाग ने हमारी फाइल से संबंधित सारी जानकारियां आयुष विभाग को सही तरीके से नहीं दी। इस कारण हमारी जॉइनिंग नहीं हो सकी। जॉइनिंग के विषय को लेकर उस दौरान हम तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से कई बार मिले।
कोरोना महामारी के दौरान भी हम सभी अपनी सेवाएं निशुल्क देते रहे और अपना कार्य करते रहे। फिर कोरोना महामारी के समाप्त होने के पश्चात ही हमें आयुष विभाग में जॉइनिंग मिल पाई। अब हम पिछले लगभग ढाई वर्ष से आयुष विभाग में हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से आयुष योग सहायक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान हमने जो निशुल्क सेवाएं दी हैं, उस समय को हमारा गैप टाइम ना माना जाए। हमें 2018 से ही नियमित माना जाए और सरकार की जो 5 वर्ष के बाद जॉब सुरक्षा गारंटी वाली नई पॉलिसी बनी है, उसमें हमें भी शामिल किया जाए।