गांव दुबलधन निवासी एक व्यक्ति की हत्या करने के मामले में झज्जर पुलिस की एक टीम द्वारा एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। पुलिस ने आरोपी से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ शुरू कर दी है। 19 सितंबर को गांव दुबलधन निवासी ओम प्रकाश की हत्या के मामले में वांछित आरोपी को सीआईए झज्जर की टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया है।
बीती 18/19 सितंबर की रात को ओम प्रकाश निवासी गांव दुबलधन की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने की वारदात को अंजाम दिया गया था। हत्या की वारदात को अंजाम देने के पश्चात आरोपी मौका से फरार हो गए थे। हत्या की उपरोक्त वारदात पर थाना बेरी में आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला अंकित किया गया था। अपराध जांच शाखा झज्जर के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि थाना बेरी क्षेत्र के गांव दुबलधन निवासी एक व्यक्ति की हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि हत्या के उपरोक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी झज्जर द्वारा उपरोक्त मामला अपराध जांच शाखा झज्जर के हवाले किया गया था। सीआईए झज्जर में तैनात सहायक उप निरीक्षक बलजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने उपरोक्त मामले के वांछित एक आरोपी को थाना बेरी के एरिया से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुमित उर्फ काटू निवासी गांव दुबलधन के तौर पर की गई।
उन्होंने बताया कि आपसी विवाद को लेकर 18/19 सितंबर की रात को योजना के अनुसार आरोपी ने गांव दुबलधन के एरिया में अपने मकान की छत पर सोए हुए एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी मारकर जानलेवा हमला करने की वारदात को अंजाम दिया था। हत्या की उपरोक्त वारदात के संबंध में जय भगवान निवासी दुबलधन ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि 18/19 सितंबर की रात को उसे सूचना मिली कि उसके भाई ओम प्रकाश को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कुल्हाड़ी से चोट मारी गई है। जिसको अस्पताल में ले जा रहे हैं। अस्पताल में पहुंचने से पहले ही उसके भाई की मृत्यु हो गई। शिकायत पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए थाना बेरी में अज्ञात दोषियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
दो अन्य वारदात का किया खुलासा
सीआईए प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने प्राथमिक पूछताछ में चोरी की दो अलग-अलग वारदात के संबंध में भी खुलासा किया। जिनमें अगस्त 2020 में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर गांव गिरावड़ा जिला रेवाड़ी से एक ट्रैक्टर चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया था। दूसरी वारदात में आरोपी ने 13 अगस्त 2020 की रात को अपने साथी के साथ मिलकर गांव पलड़ा से एक स्कूटी चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया था। सीआईए प्रभारी ने बताया कि चोरी के उपरोक्त दोनों मामलों में भी आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें प्रयासरत थी।