बाइक से टकराने के बाद असंतुलित होकर पलटी पिकअप।
गुडाना मोड़ के समीप बुधवार शाम पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार पिता की मौत हो गई जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।
मृतक व्यक्ति निहालगढ़ गांव का रहने वाला था और अपने बेटे को लेकर बाइक पर झोझू कलां आ रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस सिविल अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक का पोस्टमार्टम वीरवार सुबह दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार निहालगढ़ निवासी अशोक(37) अपने बेटे निखिल (16) के साथ बाइक पर सवार होकर गांव से झोझूकलां आ रहा था। दादरी सिविल अस्पताल पहुंचे मृतक के भाई राजकुमार ने बताया कि अशोक बेटे को किताबें दिलाने आ रहा था। जब वो गुडाना मोड़ के समीप पहुंचे तो सामने से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे पिता पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, दुर्घटना में पिकअप भी सड़क पर पलट गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि पिकअप चालक वाहन छोड़कर वहां से भाग गया। वहीं, राहगीरों ने घायलों को संभाला और उपचार के लिए दादरी सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे।
वहां चिकित्सकों ने अशोक को मृत घोषित कर दिया जबकि निखिल को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त बाइक और पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया। बुधवार देर शाम तक मृतक के परिजनों के बयान दर्ज नहीं हो पाए थे।