बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक रूट पर चलने वाली 6 पैसेंजर ट्रेन 6 मार्च तक रद्द की गई हैं। इनमें दो ट्रेन 5 मार्च तक रद्द रहेंगी। इससे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बहादुरगढ़ से प्रतिदिन दिल्ली और रोहतक की तरफ हजारों की संख्या में यात्री सफर करते हैं।
बहादुरगढ़ से दिल्ली के सदर बाजार, नया बाजार, चांदनी चौक जाने वाले यात्री सुनील कुमार, सतपाल सिंह, योगेश गुप्ता, कृष्ण कुमार, विजय शर्मा ने बताया कि दिल्ली-रोहतक रूट पर रेलवे विभाग की ओर से 6 ट्रेनों को रद्द किया गया है। इससे उनकी परेशानी कहीं ज्यादा बढ़ गई है। वे प्रतिदिन दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में जाने के लिए ट्रेनों का प्रयोग करते हैं। इससे आने-जाने में कोई परेशानी नहीं होती है और किराया भी कम लगता है। अब उन्हें अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।