37वीं सब जूनियर, 47वीं जूनियर और 74वीं सीनियर नेशनल स्वीमिंग प्रतियोगिता में हरियाणा के 57 तैराक भाग लेने जा रहे हैं। हरियाणा स्वीमिंग एसोसिएशन के प्रधान सांसद धर्मबीर ने सभी तैराकों को शुभकामाएं दी हैं। उन्होंने नेशनल स्वीमिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले तैराकों और कोचिंग स्टाफ को हरियाणा स्वीमिंग एसोसिएशन की टी शर्ट भी भेंट की।
हरियाणा स्वीमिंग एसोसिएशन के महासचिव अनिल खत्री ने बताया कि सब जूनियर और जूनियर नेशनल स्वीमिंग प्रतियोगिता इस बार 19 से 23 अक्टूबर तक और सीनियर नेशनल स्वीमिंग और वाटर पोलो प्रतियोगिता 26 से 29 अक्टूबर तक बेंगलुरू में आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता के लिए हरियाणा की टीम को सांसद धर्मबीर सिंह ने अपनी शुभकामनाओं के साथ रवाना किया है। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान बेंगलुरू में रहने के लिए तैराकों के रहने और खाने और यातायात की व्यवस्था भी की है। सांसद धर्मबीर की हौसला अफजाई से उत्साहित तैराकों ने भी उन्हें नेशनल प्रतियोगिता में हरियाणा का परचम लहराने का भरोसा दिलाया है।
अनिल खत्री ने बताया कि पहली बार ऐसा मौका आया है कि हरियाणा की जूनियर और सीनियर वाटरपोलो टीम भी नेशनल में एकसाथ भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा का नाम कुश्ती, कबड्डी और बॉक्सिंग के बाद अब स्वीमिंग में भी चमक रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरियाणा के तैराक विश्व पटल पर देश का नाम रोशन करेंगे। हरियाणा के तैराक पहले तालाबों में प्रैक्टिस किया करते थे लेकिन अब प्रदेश में नए स्वीमिंग पूल बने हैं। ऑल वैदर स्वीमिंग पूलों की तादाद भी बढ़ी है जिसके कारण तैराक अब गर्मियों की तरह सर्दियों में भी तैराकी कर रहे हैं। सांसद धर्मबीर ने भी उम्मीद जताई है कि इस बार हरियाणा के तैराक नेशनल स्वीमिंग में सबसे ज्यादा मेडल जीतकर आएंगे। इस मौके पर हरियाणा स्वीमिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रवि सिंगारी, इंदर सिंह फोगाट, कोच गूगन सिंह, पदमपाल, विकास, विनोद, अनिल, प्रकाश कादयान और संदीप टोकस समेत काफी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और अभिभावक भी मौजूद रहे।