झज्जर। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की तरफ से संचालित हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जिला प्रशासन ने परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए थे। जिसके चलते जिले में एचटेट के लेवल एक, दो व तीन के लिए बनाए किसी केंद्र से कोई अप्रिय समाचार नहीं मिला। जिले में लेवल एक (पीआरटी) में 1510, लेवल दो (टीजीटी) में 3139 व लेवल तीन (पीजीटी) 2751 सहित कुल 7400 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। रविवार को दोनों सत्रों में 4649 ने परीक्षा दी और 593 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
डीसी श्याम लाल पूनिया व एसपी वसीम अकरम ने रविवार को झज्जर व बहादुरगढ़ शहर के विभिन्न केंद्रों का दौरा करते हुए स्वयं ही परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रविवार को झज्जर व बहादुरगढ़ में बनाए गए आधा दर्जन से अधिक परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। डीसी ने परीक्षा के सफलतापूर्वक संचालन के लिए सभी परीक्षार्थियों, फ्लाइंग स्कवाड व परीक्षा केंद्र से जुड़े अधिकारियों-शिक्षकों, नोडल अधिकारी व ड्यूटी मजिस्ट्रेट को बधाई दी। उल्लेखनीय है कि परीक्षा के लिए एसडीएम बादली विशाल कुमार को झज्जर व एसडीएम भूपेंद्र सिंह को बहादुरगढ़ को ओवर आल इंचार्ज नियुक्त किया गया था।
डीसी श्याम लाल पूनिया ने परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को एचटेट के लेवल तीन (पीजीटी) के लिए जिले में 13 केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर सांध्यकालीन सत्र के दौरान 3103 परीक्षार्थियों के लिए सिटिंग प्लान बनाया गया था जिसमें 2751 उपस्थित व 352 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहें। दूसरे दिन रविवार की सुबह 15 केंद्रों पर लेवल-दो (टीजीटी) के लिए 3547 में 3139 उपस्थित व 408 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं रविवार को सांध्यकालीन सत्र में लेवल-एक (पीआरटी) के लिए 1695 में 1510 उपस्थित व 185 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों तक परीक्षा सामग्री को पहुंचाने व वापस लाने के कार्य के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। वहीं परीक्षा सामग्री से जुड़ी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई। वहीं परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी व जैमर भी लगाए गए थे।
- दिन (लेवल) केंद्र उपस्थित अनुपस्थित
शनिवार (तीन) 13 2751 352
रविवार सुबह (दो) 15 3139 408
शाम (एक) 7 1510 185
कुल ----- 7400 945