बहादुरगढ़। शहर के पॉश इलाके सेक्टर-6 और 2 के बीच की मुख्य सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। प्रेम नगर मोड़ से लेकर सांखोल की तीसरी पुलिया तक 900 मीटर सड़क पर 400 से अधिक गड्ढे हैं। इस पर वाहन लेकर चलना तो दूर पैदल चलना भी मुसीबत है। अनेकों बार यहां के निवासियों ने एचएसवीपी अधिकारियों को शिकायत देकर सड़क बनाने की मांग उठाई है, लेकिन सड़क बनाना तो दूर अभी तक अधिकारियों की ओर से इस दिशा में कोई सकारात्मक कार्रवाई भी नहीं की गई है। लोग आए दिन परेशानी झेल रहे हैं।
सेक्टर-2 निवासी मनोज कुमार, सुभाष शर्मा, अविनाश कुमार, सुरेंद्र अरोड़ा, राजकुमार अरोड़ा ने बताया कि सेक्टर-6 और 2 के बीच वाली मुख्य सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है। आए दिन दुपहिया वाहन चालक सड़क पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। यह सड़क लगभग 900 मीटर लंबी है। सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे बने हुए हैं। जब पॉश इलाकों की सड़कों का हाल ऐसा है तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि शहर की कॉलोनियों में स्थिति क्या होगी। ऐसा नहीं है कि विभागीय अधिकारियों को सड़क बनवाने की मांग के संबंध में कोई पत्र न दिया हो, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। सड़क पर गड्ढों का आकार भी कोई एक-दो फुट चौड़ा और गहरा नहीं है, बल्कि इनकी गहराई और चौड़ाई काफी अधिक है। ऐसे में जब वाहन का पहिया गड्ढों में जाता है तो वह क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। लोगों ने एचएसवीपी अधिकारियों से मांग की है कि इस सड़क का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए। ताकि आमजन को किसी प्रकार की दिक्कत न हो और आसानी से सफर तय हो सके।
सेक्टर-6 और 2 के बीच की सड़क का निर्माण जल्द कराया जाएगा। इसके लिए एस्टीमेट मंजूर हो चुका है। टेक्निकल सेंक्शन मिलनी है। 15 दिनों के अंदर टेंडर लग जाएगा। टेंडर खुलते ही सड़क को बनाने का काम शुरू किया जाएगा।
- आशीष छिल्लर, जेई, एचएसवीपी, बहादुरगढ़।