साल्हावास। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के चलते तेज आंधी में टूटे हुए दिशा संकेतक हादसों को दावत दे रहे हैं। बहु-खोरडा मार्ग पर लगे हुए दिशा संकेतक टूटकर नीचे गिर चुका है, इससे अनजान व्यक्ति को रास्ता पता करने में मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। दिशा संकेतक जिस लोहे की राॅड पर लगा था, वह आधा लटका हुआ है। बहु-खोरडा मार्ग सबसे व्यस्त मार्ग होने के कारण गाड़ियों तथा लोगों का आवागमन लगा रहता है। ऐसे में टूटे हुए दिशा संकेतक की वजह से एक बड़ा हादसा हो सकता है।
बहु-खोरडा मार्ग पर लगे दिशा संकेतक जंग के कारण गल कर तथा कमजोर होकर टूट चुका है। लोगों का कहना है कि देखरेख के अभाव में पोल पर लटकती लोहे की राॅड तथा पोल हादसे को निमंत्रण दे रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इन टूटे हुए दिशा संकेतक को लेकर तमाम शिकायतों के बावजूद भी संबंधित अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं करते हुए बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर कोई प्रभाव नहीं है। बहु-खोरडा मार्ग पर बने चौराहे पर लगे दिशा संकेतक के टूटने पर वाहन चालक दिशा भ्रमित हो रहे हैं। चौराहे से एक रास्ता झज्जर की तरफ जा रहा है तो दूसरा रास्ता कनीना की तरफ, वहीं एक तरफ गांव झोलरी का रास्ता है तो दूसरी तरफ खोरडा चरखी दादरी मार्ग है। वाहन चालकों को चौराहे पर आते ही वाहन रोककर दुकानदारों से रास्ता पूछना पड़ रहा है।
मामला संज्ञान में नहीं
इस मामले को लेकर जब लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता आशीष मोर ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है जल्द ही टूटे हुए दिशा संकेतक को दुरुस्त करवा दिया जाएगा ताकि आमजन को किसी तरह की कोई परेशानी न रहे।