झज्जर। हत्या, हत्या के प्रयास, जान से मारने की धमकी व आपराधिक साजिश आदि मामलों में वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बरहाना गांव निवासी प्रवीण की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए रविंद्र बरहाना को पुलिस ने अदालत में पेश किया। उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भारती डबास ने बताया कि शराब के ठेके में हिस्सेदारी को लेकर हुए विवाद की रंजिश में 5 सितंबर 2021 को रामबीर व प्रदीप उर्फ धोला निवासी बहराना ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव बहराना में गोली मारकर प्रवीण की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना दुजाना में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के निर्देश दिए थे। इस पर सीआईए टू बहादुरगढ़ की पुलिस टीम ने वांछित एक आरोपी को काबू किया है। निरीक्षक मनोज कुमार की टीम ने आरोपी को बहादुरगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्त में आए आरोपी रविंद्र पुत्र राजपाल निवासी गांव बहराना जिला झज्जर ने प्रारंभिक पूछताछ में गांव बहराना में हुई प्रवीण की हत्या की वारदात के संबंध में खुलासा किया। गिरफ्त में आए 25000 के इनामी रविंद्र को अदालत में पेश किया गया। जहां से आरोपी को पूछताछ के लिए एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि हत्यारोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि गांव बहराना निवासी प्रवीण की पूर्व योजना के अनुसार 5 सितंबर को गोली मारकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। आरोपी रविंद्र ने हत्या की वारदात के अतिरिक्त अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी दी है। आरोपी से पूछताछ में वारदात में कितने और लोग शामिल थे, इसका खुलासा होने की उम्मीद है। अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।