अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
समाजसेवी व शिक्षाविद डॉ. सुशील गुप्ता का राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर वैश्य बीएड कॉलेज में बहादुरगढ़ शिक्षा सभा की तरफ से अभिनंदन किया गया। समारोह में सांसद सुशील गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज के हित आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की नीतियों में सुरक्षित हैं। उन्होंने बहादुरगढ़ के वैश्य अग्रवाल समाज को स्थानीय राजनीति में प्रभाव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
सुशील गुप्ता का अभिनंदन करते हुए बहादुरगढ़ शिक्षा सभा प्रधान श्रीनिवास गुप्ता ने कहा कि सुशील गुप्ता जनकल्याण में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में भरपूर सहयोग देंगे। मुख्य अतिथि सुशील गुप्ता ने कहा कि बहादुरगढ़ में महाराजा अग्रसेन मेडिकल युनिवर्सिटी की स्थापना हो चुकी है। जहां लोगों की सेवा के लिए 900 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल बन रहा है। आम आदमी पार्टी की नीतियों को सही ठहराते हुए उन्होंने बहादुरगढ़ के वैश्य अग्रवाल समाज को कहा कि दूसरों के पिछलग्गू कब तक बने रहोगे, बहादुरगढ़ में भी अपना विधायक बनाओ।
अपने अभिनंदन समारोह में डॉ. सुशील गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। समारोह में बहादुरगढ़ शिक्षा सभा के प्रधान श्रीनिवास गुप्ता, बीएड कॉलेज के प्रधान सत्यनारायण अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शिवनारायण गुप्ता, बीएड कॉलेज की प्राचार्य डॉ. आशा शर्मा व वैश्य डिग्री कॉलेज की प्राचार्य डॉ. राजवंती शर्मा के अलावा सभा के कई अन्य लोगों ने सांसद गुप्ता का स्वागत किया। अखिल भारतीय अपराध निरोधक समिति के अध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता व मनोज टांडाहेड़ी भी इस मौके पर मौजूद थे। डॉ. सुशील गुप्ता ने छोटी ही उम्र में आईएएस उत्तीर्ण होने पर हिमांशु गर्ग को सम्मानित किया।