सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के 10 लोग घायल, तीन गंभीर रेफर
सात को झज्जर के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया
हांसी से राजस्थान के अलवर में शोक जताने जा रहे रिश्तेदारी में
संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। हिसार जिले के हांसी के नजदीक गांव ढ़ाणीपुरिया से क्रूजर गाड़ी में सवार होकर राजस्थान के अलवर में रिश्तेदारी में शोक जताने जा रहे लोगों की गाड़ी खखाना गांव के पास कैंटर की टक्कर से पलट गई। इससे चार महिलाओं सहित दस व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को राहगीरों की मदद से सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। जबकि तीन को मामूली चोट होने के कारण मरहम पट्टी कर छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार हांसी के पास ढ़ाणीपुरिया निवासी रामकुमार पुत्र लक्ष्मीनारायण, चंपा पत्नी चांद सिंह, केला पत्नी मेहर सिंह, कमला पत्नी ओम प्रकाश, सतबीर पुत्र लक्ष्मी नारायण, गुड्डी पत्नी सतबीर, विरेंद्र पुत्र छतर सिंह आदि वीरवार की सुबह अपनी रिश्तेदारी में शोक जताने के लिए अलवर, राजस्थान के लिए क्रूजर गाड़ी से रवान हुए थे। जब गाड़ी खखाना-छबीली मोड के पास पहुंची तो रेवाड़ी की ओर से तेज गति से आ रहे एक कैंटर ने क्रूजर को साइड मार दी। जिससे गाड़ी सड़क किनारे पलट गई और उसमें सवार एक ही परिवार के 10 लोग घायल हो गए। इसमें से सात को सरकारी अस्पताल झज्जर में भर्ती कराया गया। घायलों में से रामकुमार, चंपा व कमला को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने रोहतक पीजीआई में रेफर कर दिया है। कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
वर्जन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद घायलों के बयान पर कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। - राजेंद्र सिंह, जांच अधिकारी, सदर थाना, झज्जर।