स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं का मुआयना करने के लिए मुख्यालय की चार टीमें शहर में आई हैं। बृहस्पतिवार को टीमों ने आठ स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया।
हल्ला-बोल की चार टीमों ने सूरजकुंड, मेवला महाराजपुर, पल्ला, एसजीएम नगर, सुभाष कालोनी, नंगला, सारन, प्रतापगढ़, संजय कॉलोनी स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। टीमों ने अधिक ध्यान जच्चा-बच्चा को दी जा रही सुविधाओं की ओर दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य केंद्रों पर नियुक्त नर्सों और एएनएम के कार्य में कुछ कमियां पाईं।
कुछ गर्भवती महिलाओं का फॉलोअप नहीं किया जा रहा था। जबकि कुछ नवजात शिशुओं के टीकाकरण की पूरी जानकारी केंद्रों पर उपलब्ध नहीं थी। टीमों ने अपनी-अपनी रिपोर्ट स्थानीय अधिकारियों को बृहस्पतिवार शाम दी। इसके बाद टीमों और अधिकारियों के बीच एक बैठक हुई।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, कई केंद्रों पर नया स्टाफ नियुक्त किया गया है जिस कारण कुछ कमियां पाई गई हैं। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि पिछली बार की तुलना में स्थिति में काफी सुधार है। जो कमियां बताई गई हैं, उन्हें दूर करने के लिए काम किया जाएगा।