गांव किशोरपुर में एक व्यक्ति की हत्या करने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी व उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से आरोपी प्रेमी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया और महिला को जेल भेज दिया।
सदर थाना की धतीर पुलिस चौकी प्रभारी दीन मोहम्मद ने बताया कि 17 नवंबर को एक व्यक्ति की हत्या कर शव को कुंए में डाल दिया था।
पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। लेकिन पुलिस जांच में मामला कुछ ओर ही निकला।
पुलिस ने जांच में पाया कि मृतक की पत्नी के गांव के ही जगबीर नामक व्यक्ति से पिछले तीन वर्ष से अवैध सम्बंध थे। इसकी जानकारी महिला के पति को अवैध संबंध की जानकारी पंद्रह दिन पूर्व हुई थी। जिसको लेकर पति-पत्नी में झगड़ा भी हुआ था।
पुलिस का कहना है कि घटना वाले दिन महिला ने अपने पति को कथित प्रेमी जगबीर के फार्म हाउस पर रुपये लेने के लिए भेजा था। वहां जगबीर ने कहा कि रुपये घर से देगा। दोनों घर के लिए चल दिए।
वह कुंए के नजदीक पहुंचे तो जगबीर ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को एक पत्थर बांधकर कुंए में फैंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।