रेलवे रोड पर फ्लोर मिल के सामने बनने वाली कालोनी को अवैध घोषित कर जिला नगर योजनाकार ने ध्वस्त कर दिया। कोलोनाइजरों की ओर से कालोनी में बनाई सड़कों को जेसीबी द्वारा उखाड़ दिया गया।
इस मौके पर भारी सुरक्षा बल के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट तेलू राम मौजूद रहे। कालोनी करीब 3 एकड़ में काटी जा रही थी। जिला नगर योजनाकार डीटीपी अशोक गर्ग ने बताया कि जनवरी महीने से पूरे जिले में अभियान शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले में अवैध कालोनियों को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत कलायत से हुई है। इसके तहत सबसे पहले बुधवार को कलायत की अवैध कालोनी को ध्वस्त किया गया है।
गर्ग ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी कालोनी में प्लॉट खरीदना चाहता है तो वह पहले जिला योजनाकार कार्यालय से जानकारी ले लें कि कालोनी वैध है या नहीं।
उन्होंने कहा कि विभाग हर व्यक्ति को पूरी जानकारी देने के लिए उपलब्ध है। गर्ग ने कहा कि कलायत मेें और अवैध कालोनियों की पहचान की जा रही है और उनकी जांच के बाद उन्हें भी ध्वस्त किया जाएगा।
गर्ग ने बताया कि जो लोग जिला में अवैध कालोनियां काट रहे हैं उनके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाए जाने का प्रावधान है। कलायत के कालोनाइजरों के खिलाफ मामला पुलिस में दर्ज करवाया जा चुका है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे स्थानों में प्लॉट लेने से बचें क्योंकि अवैध पाए जाने की स्थिति में निर्माण को भी गिराया जाएगा। इस अवसर पर थाना प्रभारी ओमप्रकाश, नायब तहसीलदार तेलूराम, जेई किताब सिंह और दर्शन सिंह सहित रामपाल में नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौजूद रहा।