फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूथ फेस्टिवल : मुख्य मंच पर लगे जीजेयू वीसी मुर्दाबाद के नारे, हुड़दंगबाजों ने चलाए अग्निशमन यंत्र, ग्रिल तोड़ी

विज्ञापन
हिसार। जीजेयू में आयोजित यूथ फेस्टिवल के मुख्य मंच पर सीएसओ व जीजेयू वीसी के खिलाफ प्रदर्शन करते - फोटो : Hisar
विज्ञापन
हिसार। गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (जीजेयू) के छात्र सचिन सोनी के बुलेट 21500 रुपये का चालान काटने व जब्त करने का मामला तूल पकड़ रहा है। विद्यार्थियों ने मंगलवार को शुरू हुए यूथ फेस्टिवल के मुख्य मंच पर प्रदर्शन किया। विद्यार्थी जीजेयू के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर (सीएसओ) के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर मुख्य स्टेज पर ही धरने पर बैठ गए और वीसी मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस दौरान हुड़दंगबाजों ने अग्निशमन यंत्र चलाए और ग्रिल तोड़ दिया। प्रदर्शन कर कारण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दो घंटे तक बाधित रहीं।
विज्ञापन

दूसरी ओर, मुख्य सभागार में विद्यार्थियों ने ऑडिटोरियम में जमकर उत्पात मचाया। सभागार में मौजूद जीजेयू के प्रॉक्टर, छात्र कल्याण निदेशक व युवा कल्याण सहित अन्य प्रोफेसर ने प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन विद्यार्थियों ने उनकी एक बात नहीं मानी। प्रदर्शनकारी छात्र सचिन, नवदीप दलाल, अंकित ने बताया कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे एक भी प्रस्तुति नहीं होने देंगे। इसके बाद डीएसडब्ल्यू, डीवाईडब्ल्यू व प्रॉक्टर ने छात्रों के प्रतिनिधिमंडल को कुलपति से मिलवाया। कुलपति ने छात्रों को प्रॉक्टर पर नियमानुसार कार्रवाई करने व उनकी समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। इसके बाद विद्यार्थी शांत हुए और फिर से यूथ फेस्टिवल का रंग विवि परिसर में नजर आने लगा।
शरारती तत्वों ने की हूटिंग
प्रदर्शन के दौरान चौधरी रणबीर सिंह सभागार में करीब चार हजार विद्यार्थी मौजूद थे। भीड़ का फायदा उठाकर कुछ शरारती तत्वों ने हूटिंग करनी शुरू कर दी। नोट बुक के कागज फाड़कर उनमें आग लगा दी। सभागार के ऊपर के एंट्री गेट के पास लगी ग्रिल तोड़ दी। कुछ कुर्सियां को भी नुकसान पहुुंचाया। कुछ शरारती तत्व ऐसे भी थे, जिन्होंने सभागार में लगे अग्निशमन यंत्रों को चला दिया, जिससे सभागार के ऊपर हिस्से में गैस फैल गई।
विज्ञापन

माहौल बिगड़ता देख सभागार कराया खाली
सभागार में माहौल बिगड़ता देख वहां मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने सभागार को खाली करवा दिया। मंच पर प्रदर्शनकारी छात्रों का धरना जारी रहा। दोपहर एक बजे से लेकर शाम 3 बजे तक सभागार में किसी भी छात्र की एंट्री नहीं होने दी गई। करीब साढ़े 3 बजे दोबारा प्रस्तुतियां शुरू की गई।
यह था मामला
छात्र नेता नवदीप दलाल ने बताया कि 10 नवंबर को जीजेयू के सीएसओ ने कैंपस विद्यार्थी सचिन सोनी के बुलेट को थाने में ले जाकर जब्त कराकर 21500 रुपये का चालान कटवाया था। सचिन के पास बुलेट के सभी डॉक्यूमेंट भी हैं। सीएसओ ने अपने एक कर्मचारी से बुलेट चलाकर थाने ले जाकर चालान कटवाया। सीएसओ पर 10 हजार रुपये की रंगदारी मांगने का भी आरोप लगाया है।
इस मामले में चार सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। 15 दिसंबर तक कमेटी मामले की जांच करके रिपोर्ट देगी। इस मामले में सीएसओ व विद्यार्थियों की ओर से शिकायत आई हुई है। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- डॉ. विनोद छोक्कर, प्रॉक्टर, जीजेयू हिसार

हिसार। जीजेयू में आयोजित यूथ फेस्टिवल के मुख्य मंच पर सीएसओ व जीजेयू वीसी के खिलाफ प्रदर्शन कर रह- फोटो : Hisar

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें