कार से बैग चोरी की घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : Hisar
हिसार। शहर की क्लॉथ मार्केट के गेट के सामने बने टायर पंचर की दुकान पर खड़ी गाड़ी से वीरवार देर शाम एक युवक 70 हजार रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया। गाड़ी मालिक राहुल ने आरोपी युवक को पकड़ने का प्रयास भी किया। राहुल ने वारदात की शिकायत पड़ाव चौकी पुलिस को दे दी है।
खजानचियान बाजार निवासी राहुल तायल ने बताया कि उनकी क्लॉथ मार्केट के पास मार्बल की दुकान है। वीरवार शाम दुकान से घर जाने के लिए निकला तो गाड़ी पंचर मिली। पूरे दिन का कलेक्शन करीब 70 हजार रुपये बैग में डालकर गाड़ी में पीछे की सीट पर रखे थे। जब पंचर वाले ने टायर निकालना शुरू किया तो अचानक जिंदल पार्क की तरफ से एक युवक गाड़ी की तरफ आया और खिड़की खोलकर बैग लेकर फरार हो गया। वारदात के दौरान पार्क की दीवार पर 4-5 अन्य युवक भी बैठे थे, जो नशे की हालत में लग रहे थे। पुलिस ने आसपास के पेट्रोल पंप सहित अन्य जगहों की सीसीटीवी फुटेज चेक की है। फिलहाल युवक का सुराग नहीं लगा है। ब्यूरो