नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन घायल पंकज।
- फोटो : Hisar
हिसार। सूर्य नगर एरिया में सिलिंडर में उधार में गैस न भरने से खफा युवक ने अपने साथियों के साथ 20 वर्षीय दुकानदार पंकज पर उसके घर से महज 10 कदम की दूरी पर हमला कर दिया। इस दौरान पंकज के पेट व जांघ पर चाकू से वार किए और दो दांत तोड़ दिए। घायल पंकज को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पंकज के पिता अजय पाल सिंह ने बताया कि मूल रूप से उत्तरप्रदेश के एटा जिले के रहने वाले हैं। पिछले करीब दस साल से महाबीर कालोनी में रहते हैं। उसका बेटा पंकज सूर्यनगर के पास दुकान पर छोटे सिलिंडरों में गैस भरने का काम करता है। शुक्रवार को कुछ युवकों ने महाबीर कॉलोनी में घर से करीब 10 कदम की दूरी पर पंकज का रास्ता रोका और चाकू से हमला कर दिया। पंकज के छोटे भाई धीरज ने बताया कि वह और उसके बड़ा भाई अजय अर्बन एस्टेट में एक गैस एजेंसी पर सिलिंडर डिलिवरी का काम करते हैं, जबकि उसका भाई पंकज सिलिंडरों में गैस भरने का। धीरज ने बताया कि आरोपियों में से एक युवक से पंकज का उधार गैस सिलिंडर न भरने को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश में शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे आरोपी अपने दो अन्य साथियों के साथ ऑटो में सवार होकर महाबीर कॉलोनी में आया। इसके बाद पंकज का रास्ता रोका और चाकू से हमला कर दिया। मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है।