पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के चेयरमैन अमित राणा का स्वागत करते बार एसोसिएशन के पदाधिकारी। स
हिसार। पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के चेयरमैन अधिवक्ता अमित राणा ने युवा अधिवक्ताओं से अपने पेशे में ईमानदारी, निष्ठा और मेहनत से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अधिवक्ता वरिष्ठों से निरंतर सीखें, उनके अनुभव का लाभ उठाएं और उनका सम्मान करें।
जिला बार एसोसिएशन के बार रूम में आयोजित समारोह में अमित राणा का स्वागत और सम्मान किया गया। इस दौरान हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) में चयनित बार सदस्य कुलदीप और छवि सरदाना तथा सहायक जिला न्यायवादी (एडीए) पद पर चयनित राजीव तुरकिया को सम्मानित किया गया। हरित क्षेत्र की देखरेख में योगदान के लिए अधिवक्ता अशोक कुमार बिश्नोई को भी सम्मानित किया गया।
बार प्रधान प्रदीप सिंह बाजिया ने कहा कि अमित राणा का सहयोग बार के विकास कार्यों को गति देगा। सचिव समीर सिहाग ने बताया कि राणा लगातार तीसरी बार बार काउंसिल के सदस्य निर्वाचित हुए हैं और बार काउंसिल ऑफ इंडिया में भी सेवाएं दे चुके हैं। राणा ने विकास कार्यों के लिए दो लाख रुपये का चेक प्रधान को सौंपा। समापन पर पदाधिकारियों ने उन्हें स्मृति-चिह्न और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने शॉल भेंट की।