फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान के सम्मान में निकाली यात्रा, महेंद्र के नाम से किसान भवन बनेगा

विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में पहुंचे उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का किसानों ने काले झंडे लेकर जमकर विरोध किया। मेडिकल कॉलेज के सामने फ्लाइओवर पर भीषण गर्मी व उमस के बीच हो रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान गांव कुलेरी के एक किसान महेंद्र सिंह ठाकन की हृदयघात से मौत हो गई। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुल के नीचे के रास्ते को भी बेरिकेड लगाकर बंद किया गया। मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिस बल व रिजर्व फोर्स के जवानों को तैनात किया गया। डीआईजी बलवान सिंह राणा, डीएसपी अभिमन्यू, डीएसपी जोगेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर कप्तान सिंह, एसडीएम जगदीप ढांडा भी मौके पर मौजूद रहे।
विज्ञापन

पहले फ्लाईओवर पर चढ़ प्रदर्शन किया, फिर पुल के नीचे धरने पर बैठे किसान -
सुबह 10 बजे किसान नारेबाजी करते हुए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज की तरफ आगे बढ़ रहे थे कि फ्लाईओवर के पास ही पुलिस ने किसानों को रोक लिया। इसके बाद किसान फ्लाइओवर के ऊपर मेडिकल कॉलेज के सामने जाकर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान गांव कुलेरी के एक किसान महेंद्र सिंह ठाकन की हार्ट अटैक से मौत हो गई। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। उनकी मौत की पुष्टि होने के बाद किसान बिफर गए। उन्होंने मृत किसान महेंद्र सिंह ठाकन को शहीद का दर्जा देने, परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी देने व 10 लाख का मुआवजा देने की मांग को लेकर धरना शुरू दिया। शाम 4 बजे मौके पर पहुंचे डीएसपी जोगेंद्र शर्मा व एसडीएम जगदीप ढांडा ने आंदोलनकारी किसानों से बातचीत की। किसानों को उपायुक्त की ओर से तीनों मांगें माने जाने का विश्वास दिलाया, तब जाकर किसान शव लेने को तैयार हुए।
9 माह से आंदोलन में सक्रिय थे महेंद्र सिंह
65 वर्षीय महेंद्र सिंह अग्रोहा खंड के गांव कुलेरी के रहने वाले थे। बीते 9 महीने से किसान आंदोलन में सक्रिय थे। रोजाना गांव से दूध, लस्सी चिकनवास टोल पर लेकर जाते थे। शनिवार को अग्रोहा में प्रदर्शन के दौरान वह नारेबाजी में सबसे आगे चल रहे थे। इसी दौरान अटैक आने से सड़क पर गिर गए। मृतक के दो बेटे राकेश और मुकेश हैं। जो गांव में ही खेती-बाड़ी करते हैं। 24 मई को क्रांतिमान पार्क में प्रदर्शन के समय उगालन वासी 58 वर्षीय रामचंद्र खरब की भी अटैक आने से मौत हो चुकी है।
विज्ञापन

सम्मान के साथ किया अंतिम संस्कार
किसान महेंद्र सिंह के शव को लेकर किसानों ने चिकनवास टोल से अग्रोहा होते हुए ट्रैक्टर ट्राली, बाइक, कार सहित अन्य वाहनों में सम्मान यात्रा निकाली। ग्रामीणों ने शहीद की तरह से किसान का शव तिरंगे में लपेटकर उसका अंतिम संस्कार किया। गांव में महेंद्र सिंह के नाम से किसान भवन बनाने तथा किसान की प्रतिमा लगाने का फैसला भी लिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें