फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: महिला की गला घोंटकर हत्या, खेत में मिला मुंह बंधा शव

Mon, 15 Jun 2026 12:39 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार/घिराय। खरड़ क्षेत्र में एक महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। गांव के पास ही एक खेत में रविवार सुबह महिला का मुंह बंधा शव मिला। हांसी के प्रेमनगर निवासी महिला एक दिन पहले टोहाना में रह रही अपनी बहन के घर जाने के लिए निकली थी। पुलिस ने शव को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भिजवाया है जहां सोमवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। देर रात कर महिला की किसी परिजन ने पुलिस से संपर्क नहीं किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से वारदात का सुराग लगाने में जुटी है।
विज्ञापन

सदर थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि मृतका के हाथ पर पासो देवी और सीमा रानी नाम गुदे हैं। इस आधार पर उसकी पहचान हांसी के उमरा रोड स्थित प्रेम नगर निवासी रमेश कुमार की पत्नी पासो देवी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पासो देवी शनिवार दोपहर रुपये लेकर अपनी बहन के घर जाने के लिए निकली थी। सुबह करीब छह बजे उसका शव गांव खरड़ में किसान अनुराग के खेत में बने कमरे के बरामदे के बाहर मिला। शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं हैं। ऐसे में आशंका है कि मुंह पर कपड़ा बांधने के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या की गई है।
सैर पर निकले युवक ने देखा शव
खरड़ गांव का एक युवक सुबह दौड़ लगाने खेतों की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर महिला के शव पर पड़ी। इसकी सूचना खेत में काम कर रहे संदीप सहरावत को दी जो वहां से करीब तीन एकड़ की दूरी पर मौजूद थे। संदीप की सूचना पर डायल-112, सदर थाना पुलिस, सीआईए टीम, एएसपी मयंक मुदगिल, डीएसपी कमलजीत व फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल पर पहुंचे। सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
विज्ञापन


टोहाना में खरीदा था एक प्लॉट
जांच में सामने आया है कि पासो देवी ने कुछ समय पहले टोहाना में एक प्लॉट खरीदा था। वह कुछ रुपये लेकर टोहाना जाने के लिए घर से निकली थी लेकिन वहां नहीं पहुंची। परिजनों का भी उससे संपर्क नहीं हो पाया। पुलिस का अनुमान है कि अज्ञात लोगों ने पहले महिला को अपने जाल में फंसाया, फिर लूटपाट की और बाद में हत्या कर दी। उसे काबू में रखने के लिए संभवत: मुंह पर कपड़ा बंधा गया हो।
हत्या कहीं और, शव खेत में फेंका
घटनास्थल की परिस्थितियों और फॉरेंसिक जांच के आधार पर पुलिस मान रही है कि हत्या खेत में नहीं की गई। शव को किसी वाहन से यहां लाया गया है। घटनास्थल के आसपास वाहन के आने-जाने के निशान भी मिले हैं। रामायण टोल प्लाजा और आसपास के रास्तों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
-
सीसीटीवी फुटेज से तलाशे जा रहे सुराग

जांच के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें हांसी के प्रेम नगर, बस स्टैंड, टोहाना मार्ग, रामायण टोल प्लाजा और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पासो देवी घर से निकलने के बाद किन लोगों के संपर्क में आई और उसे आखिरी बार कहां देखा गया।

नागरिक अस्पताल का फ्रीजर चालू नहीं, इसलिए शव अग्रोहा भेजा

शव को पहले नागरिक अस्पताल हिसार लाया गया लेकिन मुर्दाघर में फ्रीजर की मरम्मत का काम चल रहा है। काम पूरा होने तक फ्रीजर में शव नहीं रखे जाएंगे। चूंकि सुबह तक शव की पहचान नहीं हो पाई थी, इसलिए शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक सुरक्षित रखना था। बिना फ्रीजर के शव को इतने समय तक रखना संभव नहीं था। ऐसे में इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों ने शव को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया।
विज्ञापन

-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें