हांसी। सिसाय बोलान की एक महिला से शातिरों ने पैसे दोगुना करने का लालच देकर 33 हजार रुपये ठग लिए। महिला ने तीन दिन तक रुपये निवेश किए। जब रुपये वापस नहीं आए तो उन्हें धोखाधड़ी का अंदेशा हुआ।
पुलिस को दी शिकायत में सिसाय बोलान निवासी सुदेश ने बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर वाहेगुरु ट्रेडर 13 के नाम से एक विज्ञापन देखा। इसमें लिखा था कि जो भी पैसे लगाओगे उसका दोगुना रिटर्न मिलेगा। सुदेश ने कमेंट किया तो वहां से उन्हें एक मोबाइल नंबर मिला। जिस पर उसने संपर्क किया तो फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने कहा कि जितना भी पैसे निवेश करेंगे वह उसका दोगुना उसे वापस देंगे। लालच में आकर उसने 16 जून को अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 12 हजार रुपये, 17 जून को 25,400 रुपये डाले। फिर उसके खाते में 6000 रुपये आए। जिसके बाद अगले दिन उसने 1650 रुपये और डाले। बाद में 33050 रुपये के बारे में पूछा तो उन्होंने पैसे वापस देने से मना कर दिया। जिस पर उसने 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। अब साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
शराब पीकर आए युवकों ने होटल संचालक को पीटा
सिवानी मंडी। गांव गैंडावास के समीप एक होटल में शराब पीकर पहुंचे युवकों को बाहर निकालने पर होटल संचालक व उसके भतीजे पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
सिवानी पुलिस को दी शिकायत में गांव नलोई निवासी नरेश ने बताया कि उसने गैंडावास गांव के समीप साईं होटल किराये पर ले रखा है। गत दिवस दोपहर को वह और उसका भतीजा होटल पर काम कर रहे थे। इस दौरान कुछ लोग खाना खाने के लिए उनके होटल पर पहुंचे। थोड़ी देर में उनका आपस में झगड़ा हो गया। उन्होंने शराब पी रखी थी। इस कारण दोनों ने उन्हें बाहर निकाल दिया। होटल संचालक ने बताया कि इसके थोड़ी देर बाद निशांत पंडित और 6 अन्य लोग उनके होटल पर आए और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान निशांत पंडित ने कुल्हाड़ी व लोहे के सरिये से उसके हाथ, पांव व सिर पर वार किए। वहीं उसके भतीजे विवेक के साथ भी उन्होंने मारपीट की। आरोपियों ने जाते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।