हिसार। शहर की एक कॉलोनी निवासी महिला ने पति पर अप्राकृतिक संबंध बनाने, मारपीट करने व दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला ने इसकी सूचना मिलगेट थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने महिला के बयान पर आईपीसी की धारा 498ए, 406, 377, 506, 34 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित महिला ने बताया कि साल 2017 में 19 अप्रैल को उसकी शादी मंडी रोड एरिया निवासी एक नामी चिकित्सक के साथ उसकी शादी हुई थी। वर्ष 2018 में उसे एक बेटी हुई। बेटी होने पर उसके ससुरालवाले दहेज के लिए परेशान करने लगे। जब वह दूसरी बार तीन माह की गर्भवती थी तो उसकी सास ने अल्ट्रासाउंड से गर्भ में बेटा या बेटी का पता लगाने को कहा।
मगर उसने मना कर दिया और उसने दूसरी बेटी को जन्म दिया। इस पर उसकी सास ताने मारने लगी कि अगर पहले टेस्ट करवा लिया होता तो यह बेटी न होती। उसका पति भी मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान करने लगा। उसके पति के कई लड़कियों के साथ संबंध है ।उसका पति अप्राकृतिक रूप से संबंध बनाने का दबाव बनाता था। जनवरी 2020 में उसने उस पर अपने पिता से 75 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया। उसकी सास ने कहा कि अगर रुपये नहीं लाई तो वह अपने बेटे का किसी और के साथ विवाह कर देगी। पीड़िता ने कहा उसके पिता ने 20 लाख रुपये दिए । 2021 में 7 अगस्त को उसके पति ने उसे व उसकी बेटी के साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया।