पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से एक बार फिर मौसम में परिवर्तन आया है। सोनीपत में कई दिनों से तापमान बढ़ता जा रहा था, जिससे लोगों को गर्मी सताने लगी थी। शनिवार सुबह से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दोपहर तक बूंदाबांदी शुरू हो गई। जिससे गर्मी झेल रहे लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम के बदले तेवर को देखते हुए किसानों को भी राहत मिली है।
हालांकि जिन किसानों की धान की फसल की कटाई चल रही है, उनकी चिंताएं बढ़ गई है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो बूंदाबांदी होने और ठंडी हवाएं चलने से तापमान गिरा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दो दिन तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी के भी आसार बने हुए हैं।
झज्जर में सुबह तक साफ दिखा रहा मौसम दोपहर को अचानक बदल गया। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। दोपहर को मौसम सुहाना हो गया। शहर और आसपास के क्षेत्र में दोपहर करीब 12:45 पर बूंदाबांदी शुरू हो गई। कुछ देर में तेज बारिश शुरू हो गई। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली हैं, लेकिन शहर के मुख्य मार्गो पर पानी जमा हो गया।
इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश से काफी राहत लोगों को मिली हैं। इसके अलावा शहर की अनाज मंडी में खुले में बाजरे पड़ा हुआ था, लेकिन आढ़तीयों और मंडी प्रबंधन की ओर से बाजरे पर ट्रिपल तिरपाल ढककर बाजरे को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ बाजरा भीग गया।