हिसार। मोक्ष वृद्धाश्रम में 13 जनवरी को लोहड़ी उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर अग्नि प्रज्वलित करके मूंगफली, रेवड़ी, गज्जक व मिष्ठान वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही मोक्ष वृद्धाश्रम के बुजुर्ग भजन गाते हुए लोहड़ी उत्सव में शिरकत करेंगे।
मोक्ष वृद्धाश्रम की संरक्षक पंकज संधीर व प्रधान विजय भृगु ने बताया कि मोक्ष वृद्धाश्रम में सभी उत्सव, त्योहार व विशेष दिवस धूमधाम से मनाए जाते हैं। इस कड़ी में 13 जनवरी को लोहड़ी उत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग लोहड़ी के गीत व विभिन्न देवी-देवताओं से संबंधित भजन गाकर लोहड़ी उत्सव मनाएंगे। उन्होंने बताया लोहड़ी से अगले दिन 14 जनवरी को मकर संक्रांति के पवित्र त्योहार के दिन विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं समाजसेवी मोक्ष वृद्धाश्रम में पहुंचकर बुजुर्गों को वस्त्र वितरित करते हैं।
पंजाबी धर्मशाला, राजगुरु मार्केट में लोहड़ी मिलन समारोह 12 को
हिसार। महाराजा अरुट सभा की ओर से 12 जनवरी को शाम 5 बजे पंजाबी धर्मशाला, राजगुरु मार्केट में लोहड़ी मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। महाराजा अरुट सभा के प्रधान मेहरचंद मनचंदा ने बताया कि समारोह में श्रीहनुमान तथा बुधला संत मंदिर सभा, पंजाबी वेलफेयर सोसायटी, श्रीनृरसिंह प्रह्लाद रामलीला सभा, शहीद मदनलाल ढींगड़ा स्मारक समिति, सर्व खत्री समाज, बाबा बंदा बहादुर गुरुद्वारा, पंजाबी कल्याण मंच, मनोहर मोर्चा, पंजाबी धर्मशाला पटेल नगर, भाभड़ा बिरादरी, भाटिया मित्र मंडल, निरंकारी सत्संग भवन, ब्रह्मज्ञान मंदिर, नंगली साहिब कुटिया, रोटरी सेंट्रल, ज्ञान गंगा शिक्षा समिति व राजगुरु मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन शामिल होंगी।