हिसार। नगर निगम क्षेत्र के दायरे में 64 सार्वजनिक शौचालय और 22 मूत्रालय हैं। इनमें अधिकतर की हालत बेहद खराब है। शौचालयों की स्थिति जाने के लिए अमर उजाला की टीम ने शनिवार को मौके पर जाकर पड़ताल की तो पाया गया कि शौचालयों में न सफाई है न ही पानी। कई शौचालयों से टोंटियां तक गायब हो चुकी हैं। शौचालयों में पानी की कमी होने के कारण लोग इनका उपयोग नहीं कर पाते। शहरवासियों का कहना है कि निगम की ओर से कई-कई दिन तक शौचालयों को साफ नहीं कराया जाता। इसके चलते उन्हें गंदे शौचालय में ही जाना पड़ता है। मॉडल टाउन क्षेत्र में बने शौचालय में टोंटियां तक नहीं हैं। इन शौचालय में सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं मिली।
एमसी कॉलोनी का शौचालय बदबूदार
डाबड़ा चौक के पास बने शौचालय में पानी नहीं मिला। शौचालय में हाथ साफ करने के लिए लगाई गई वॉश बेसिन में टोंटी नहीं थी। वहीं, एमसी काॅलोनी में बने शौचालय का पता करीब 500 मीटर दूर से ही चल जाता है। शौचालय से हमेशा बदबू आती रहती है। लोगों को मूत्रालय का उपयोग करना हो तो यहां खड़ा होना मुश्किल हो जाता है। इस शौचालय के पास के दुकानदार कई बार शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी समाधान नहीं हो पाता।रेलवे रोड पर बने शौचालय, दिल्ली रोड पर बने शौचालय, राजगुरु मार्केट के शौचालयों के हालत लगभग ऐसे ही मिले।
-
लघु सचिवालय के शौचालय सबसे बदहाल
लघु सचिवालय परिसर में बने शौचालयों का हाल सबसे खराब है। कई शौचालयों को निर्माण के चलते बंद किया हुआ है। चौथी मंजिल के शौचालय से इतनी भीषण बदबू आती है कि करीब आसपास से गुजरने वाले लोगों को नाक पर रूमाल रखना पड़ता है। प्रथम तल का शौचालय लंबे समय से बंद है।
शौचालयों को लेकर लोगों की जिम्मेदारी तय है। जहां शिकायत मिलेगी उस पर कार्रवाई करेंगे। नशेड़ी टोंटियां चोरी कर ले जाते हैं। निगम के दायरे में आने वाले सभी शौचालयों की जांच कराएंगे। डॉ. प्रीतपाल, संयुक्त आयुूक्त, नगर निगम हिसार