हिसार। बेटी को आजाद कराकर उसके सुसराल वालों से पिंड छुड़ाना चाहते हैं...। हर रोज जुल्म सहना मुश्किल हो गया था, बर्दाश्त नहीं कर पाई तो स्वीटी मायके आ गई। यह कहते-कहते वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियन स्वीटी बूरा की मां सुरेश देवी की आंखों से आंसू बहने लगे।
संवाददाता बातचीत करने के लिए सुरेश देवी के पास पहुंचा तो उन्हाेंने गेट पर ही आकर हाथ जोड़ लिए। फिर कहा, हम कुछ नहीं कहना चाहते। बस अपनी बेटी को आजाद कराना चाहते हैं। उन लोगों (ससुराल वाले) से अपना पिंड छुड़ाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि दीपक से विवाद के बाद स्वीटी सदमे में है। वह स्वीटी को कमरे के अंदर बंदकर मुंह पर तकिया रख सिर पर मुक्के मारता था। उन्होंने कहा, दामाद को हर सुविधा दी, उसके बाद भी मेरी बेटी के साथ मारपीट करता रहा। उसका मकसद यही था कि स्वीटी को इतना टॉर्चर करे कि वह खुद सुसाइड कर ले। गौरतलब है कि हिसार की स्वीटी बूरा ने अर्बन एस्टेट थाने में पति दीपक हुड्डा पर मारपीट और दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप में एफआईआर दर्ज करवाई है। साथ ही तलाक के लिए अर्जी देते हुए कहा, अब इसके अलावा कोई विकल्प नहीं है। स्वीटी ने आरोप लगाया कि दीपक न उसे बॉक्सिंग करियर छोड़कर घरेलू काम करने के लिए मजबूर किया। स्वीटी को पिछले माह ही अर्जुन अवार्ड से नावाजा गया था। विवाह से पहले लिव इन में रहे स्वीटी और भारतीय कबड्डी टीम के कोच रहे रोहतक के दीपक हुड्डा ने जुलाई 2022 में शादी की थी। दीपक पिछले चुनाव में महम विधानसभा सीट से भाजपा से विधायक प्रत्याशी थे। उधर, दीपक ने भी रोहतक में स्वीटी के खिलाफ शिकायत दी है।