हिसार। जलेबी चौक स्थित ब्राह्मण धर्मशाला मार्केट में साढ़े चार महीने से सड़क निर्माण नहीं होने पर दुकानदारों ने वीरवार को दुकानें बंद रखकर रोष जताया। जनस्वास्थ्य विभाग ने पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क उखाड़ी थी लेकिन अब तक निर्माण नहीं करवाया।
गड्ढों और धूल-मिट्टी के कारण दुकानदारों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। वहीं, आसपास के सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। मार्केट प्रधान ने चेतावनी दी कि दो दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो धरना देंगे और दुकानों के बाहर काले झंडे लगाएंगे।
मेयर-विधायक से मिलकर भी नहीं निकला समाधान
मार्केट प्रधान दीपक सेन, कमल कुमार, हरीश कक्कड़, मनोज मदान, चिराग और विकास हिसारी ने बताया कि इस संबंध में कई बार मेयर, विधायक और संबंधित अधिकारियों से मुलाकात की लेकिन आश्वासन के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क बनवाने की मांग की।
समर्थन में पहुंचे पूर्व मेयर
दुकानदारों के समर्थन में जन सेवा मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व मेयर गौतम सरदाना और शुभम वलेचा मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों को समर्थन दिया। दुकानदारों ने कहा कि जल्द निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान सावन, रविंद्र, सुमित मुखीजा, कमल, सौरभ पपनेजा, गौरव कालरा और सुमित सहित कई दुकानदार मौजूद रहे।
जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क तोड़ी गई थी। जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।
- सुनील लांबा, एमई, नगर निगम।