पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते सांसद जयप्रकाश।
हिसार। सांसद जयप्रकाश ने रविवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि विनेश केवल प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश का गौरव हैं, लेकिन कुश्ती फेडरेशन ने एशियन गेम्स ट्रायल प्रक्रिया के दौरान ऐसी परिस्थितियां पैदा कीं, जिससे उन पर अनावश्यक दबाव पड़ा और उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वह यहां कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे।
सांसद ने कहा कि विनेश हाल ही में मां बनी हैं ऐसे में उन्हें पर्याप्त आराम मिलना चाहिए था लेकिन इसके लिए उन्हें समय नहीं दिया गया। इसके बावजूद उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में कई खिलाड़ियों को अब तक कैश अवार्ड तक नहीं मिले हैं।
बड़ौली को प्रदेशाध्यक्ष पद से हटाना भाजपा की आतंरिक कमजोरी
जयप्रकाश ने कहा कि मोहनलाल बड़ौली को कार्यकाल पूरा होने से पहले पद से हटाना पार्टी की आंतरिक कमजोरी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा को इस निर्णय का कारण स्पष्ट करना चाहिए और प्रदेश में उसकी स्थिति पहले जैसी मजबूत नहीं रही। चानौत गांव में पेयजल संकट को लेकर चल रहे धरने पर सांसद ने कहा कि ग्रामीणों को मजबूरी में आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने आश्वासन दिया कि चानौत, महजत और भाटला सहित प्रभावित गांवों को जल्द पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।