बालसमंद में बिजली समस्या के समाधान के लिए प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
बालसमंद। गांव बालसमंद में बिजली समस्याओं का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने एकजुट होकर सब डिविजन कार्यालय पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर बदलवाने और रात को कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग उठाई। बिजली निगम के जेई और एसडीओ ने मौके पर ग्रामीणों से बातचीत कर समाधान का आश्वासन दिया है।
ग्रामीण संदीप, विकास, राजेंद्र, विजेंद्र, ललिता, गौरव, अनिल, नरेश ने बताया कि हनुमान मंदिर गली में ट्रांसफार्मर पर लोड अधिक होने के कारण करीब 30 घरों की बिजली सप्लाई बाधित होती है। बिजली निगम का कोई कर्मचारी रात के समय में लाइट ठीक करने नहीं आता है। ग्रामीणों ने बताया कि 24 घंटे में समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण मंगलवार को कार्यालय पर तालाबंदी कर धरना देंगे।
लोड बढ़ने से आ रही समस्या
बिजली निगम के एसडीओ दिनेश ने बताया कि गर्मी बढ़ने से ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ रहा है। इससे ब्रेक डाउन हो रहा है। ग्रामीणों के रिकॉर्ड में तो आधा से एक किलोवाट का मीटर लगा हुआ है और वास्तव में घर में तीन से पांच किलोवाट लोड है। हमारे रिकॉर्ड में लोड अपडेट हो तो हम उसी लोड का ट्रांसफार्मर रखवा लेंगे। ग्रामीणों भी बिजली निगम का सहयोग करे और वास्तविक लोड अपडेट कराए ताकि ऐसी समस्या बार-बार न आए।