सिवानी मंडी। लीलस गांव में चोरी के मामले में दो आरोपियों को जमानत मिलने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को झुम्पा कलां पुलिस चौकी के बाहर अखिल भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में धरना देकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि सोमवार को चार गांवों के लोगों ने दो संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था जबकि एक आरोपी अभी फरार है। उनका कहना है कि पुलिस ने आरोपियों से गहन पूछताछ या रिमांड लेकर मामले का खुलासा करने का प्रयास नहीं किया जिसके चलते दोनों को जमानत मिल गई।
अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य सचिव दयानंद पूनिया ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की ढिलाई के कारण अपराधियों में कानून का डर कम हो गया है।
किसान सभा और ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि बुधवार दोपहर वे सिवानी के डीएसपी से मिलकर ज्ञापन सौंपेंगे। इसमें अन्य आरोपी की गिरफ्तारी, चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की जाएगी। साथ ही गांवों में पुलिस गश्त बढ़ाने की अपील भी की जाएगी। इस मौके पर किसान नेता अंतर कसवां, रामचंद्र फौजी, राजबीर सिहाग, मास्टर उमराव सिंह, हवा सिंह लाठर, बीरू जांगड़ा, सुभाष गोदारा, सतपाल खीचड़ आदि मौजूद रहे।