हिसार। ऑल इंडिया स्तर पर एम्स की एमडी परीक्षा में ऑनलाइन नकल कराने के मामले में पांच आरोपियों को ऋषिकेश पुलिस और एसओजी ने सोमवार को पकड़ा था। पांच आरोपियों में दो आरोपी हिसार के पटेल नगर निवासी विजुल और डिफेंस कॉलोनी निवासी जयंत को अदालत में पेश्द किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया। पुलिस की मानें तो दोनों आरोपी वैन में मौजूद थे और एमडी की परीक्षा के प्रश्न पत्र को हल कर रहे थे। ऋषिकेश पुलिस मामले की जांच कर रही है। ऋषिकेश पुलिस और एसओजी ने आरोपियों से तीन टैबलेट, तीन मोबाइल, दो मेडिकल संबंधी किताब व एक कार बरामद की थी।
जांच में सामने आया कि पांचों आरोपी हिमाचल के कांगडा स्थित परीक्षा केंद्र में तीन अभ्यर्थियों को ऑनलाइन प्रश्नों के उत्तर भेजकर नकल करा रहे थे। आरोपियों ने अभ्यर्थियों को एमडी की परीक्षा में पास कराने के एवज में 50-50 लाख रुपये की डील की थी। इस गिरोह में एम्स ऋषिकेश के दो चिकित्सक भी शामिल हैं। जिन्हें दो-दो लाख रुपये में तय किया गया था। आरोपियों की पहचान अजीत निवासी 540, सेक्टर 8, जींद, हरियाणा, अमन शिवाच, विकास कॉलोनी, रोहतक, वैभव कश्यप निवासी 260 अंबिका एनक्लेव, सनौर, पटियाला, पंजाब, विजुल गौरा निवासी पटेल नगर, हिसार, और डिफेंस कॉलोनी निवासी जयंत को गिरफ्तार किया था।