शहरी निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने किया एचएसवीपी कार्यालय का निरीक्षण।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने शुक्रवार सुबह 9:10 बजे हिसार के हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के कार्यालय पर छापा मारा। इस दौरान कार्यालय में एसडीई (इलेक्ट्रिकल) को छोड़कर सभी 56 अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी से गैरहाजिर मिले।
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार के सभी विभागों, बोर्डों एवं निगमों के कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जनता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। प्राधिकरण के कार्यालय में पिछले कई दिनों से अधिकारियों एवं कर्मचारियों के देरी से आने की सूचनाएं मिल रही थी।
कार्यालयों का समय सुबह 9 से सायं 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसलिए सभी कर्मचारी और अधिकारी अपनी ड्यूटी पर समय पर पहुंचना सुनिश्चित करें। उन्होंने प्राधिकरण के कार्यालय में शौचालयों की स्थिति का जायजा लिया। इस अवसर पर सुरेश गोयल, सुजीत कुमार, प्रवीन जैन, रामचंद्र गुप्ता, विकास जैन, लोकेश असीजा, भूपेंद्र राघव, राजकुमार इंदौरा, रत्न सैनी, गणेश दत्त, राजेश व डॉ. सुमन यादव मौजूद रहे।