जाट धर्मशाला में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन में पहुंचे किसान।
- फोटो : Hisar
हिसार। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति हरियाणा की तरफ से जाट धर्मशाला में दो दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन का शुभारंभ रविवार को ध्वजारोहण के साथ हुआ। खुले अधिवेशन की अध्यक्षता रणजीत सिंह विर्क सिरसा, ओमप्रकाश हसंगा व गोपाल सिंह अग्रोहा ने संयुक्त रूप से की। संचालन संदीप सिवाच ने किया।
शहीद भगतसिंह के भांजे प्रोफेसर जगमोहन सिंह ने कहा कि शहीद भगत सिंह के नेतृत्व में आजादी के आंदोलन में युवाओं को संघर्ष में शामिल किया गया व छोटी उम्र में ही एक बहुत बड़ा विचार दे गए। साथ ही अंग्रेजी साम्राज्यवाद को उखाड़ फेंकने का जज्बा लोगों में पैदा कर गए। उन्होंने कहा कि अपने-अपने संगठन गांवों में मजबूत करके, इन काले अंग्रेजों का साम्राज्यवाद उखाड़ने का काम करें। अपने हक की लड़ाई को मजबूत करने का समय है।
संयुक्त किसान मोर्चा के डॉ. सवाई मान ने कहा कि आज देश में चल रहे किसान मजदूर आंदोलन को जन आंदोलन बना दिया गया है। खेती को बर्बाद करने वाले तीनों कानून रद्द करने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार दिया जाए। मोर्चा के सदस्य कुलवंत सिंह संधु ने कहा कि दो दिवसीय सम्मेलन में सोमवार को आगामी आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। इस अवसर पर देहाती मजदूर सभा के राज्य सचिव राजेश चौबारा, टीकरी बॉर्डर संचालन कमेटी से बारूराम, सुखचैन सिंह पूर्व सरपंच, कुलवंत सिंह, इमरीक सिंह, महिला किसान नेता पूनम पातड़, एडवोकेट विक्रम मित्तल मौजूद रहे।