जासूसी के आरोप में गिरफ्तार ज्योति मल्होत्रा के मोबाइल से डिलीट डेटा की रिपोर्ट पुलिस को मिल गई है। इसमें दानिश और पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (पीआईओ) से बातचीत के सूबत मिले हैं। अभी उसके लैपटॉप की रिपोर्ट आना बाकी है। पुलिस ने ज्योति के तीन मोबाइल फोन व एक लैपटॉप को फॉरेंसिक जांच के लिए करनाल की मधुबन लैब भेजा था। इसी के साथ ज्योति की चार और दिन की रिमांड भी रविवार शाम तक पूरी हो गई। पुलिस उसे सोमवार को कोर्ट में पेश करेगी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक ज्योति के मोबाइल से डिलीट की गई कॉल डिटेल मिल गई है। इसमें ज्योति की दिल्ली में पाकिस्तानी दूतावास में कार्यरत दानिश व पीआईओ से बातचीत के सबूत मिले हैं। चूंकि लैपटॉप का डाटा नहीं मिला है, ऐसे में उम्मीद है पुलिस सोमवार को ज्योति को कोर्ट में पेश कर और रिमांड की मांग करेगी। इससे पहले 22 मई को पुलिस ने पांच दिनों की रिमांड अवधि पूरी होने पर ज्योति को कोर्ट में पेश कर 7 दिन रिमांड बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने चार दिन का ही रिमांड दिया था।