पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार ज्योति मल्होत्रा की सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के तहत अदालत में पेशी हुई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट सचिन सिंहल की अदालत में ज्योति की सुनवाई हुई। ज्योति की ओर से एडवोकेट कुमार मुकेश ने ज्योति के वकील के तौर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। ज्योति को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में अगली सुनवाई 7 जुलाई को होगी।
17 मई को ज्योति हुई थी गिरफ्तार
ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में 17 मई को गिरफ्तार किया गया था जिसके बाद उसे 5 दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। इसके बाद 4 दिन के रिमांड पर भेजा गया। दो बार में 9 दिन का रिमांड पूरा होने के बाद 26 मई को उसे सिविल जज ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट सुनील कुमार की अदालत में पेश किया गया था। इस दौरान जांच अधिकारी निर्मला ने कहा था कि हमें ज्योति के लैपटॉप से 14 टीबी डाटा मिला है, जिसके विश्लेषण के लिए हमें समय चाहिए। पुलिस ने रिमांड अवधि बढ़ाने की मांग नहीं रखी थी।