संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। ऐलनाबाद के ढाणी शेरावाली से केहरवाला रोड पर स्थित मातोश्री पेट्रोल पंप पर तीन बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले गाड़ी में 3100 का पेट्रोल डलवाया। इसके बाद पंप के कार्यालय में पेट्रोल पंप मालिक को धमकाकर दो लाख नकदी लूट कर फरार हो गए। पेट्रोल पंप मालिक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है।
घटना शनिवार रात सात बजे की है। ढाणी शेरावाली से केहर वाला रोड स्थित मातोश्री पेट्रोल पंप पर काले रंग की कार सवार होकर तीन लोग आए। बदमाशों ने पहले 3100 रुपये का पेट्रोल डलवा लिया। इसके बाद बदमाश तेल की पेमेंट करने के लिए कार्यालय में पहुंचे। यहां पर गोदारा निवासी पेट्रोल पंप मालिक संदीप पर पिस्तौल तान दी। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए पेट्रोल पंप मालिक से दो लाख रुपये की नकदी लूट ली। इसके बाद उक्त तीनों बदमाश वहां से कार में सवार होकर फरार हो गए। बदमाशों की गाड़ी पर भी नंबर प्लेट नहीं थी। इसके बाद पीड़ितों ने मामले की ऐलनाबाद पुलिस को दी है।