हिसार। जिले के सरकारी स्कूलों में वैक्सीनेशन में हिसार जिला सबसे आखिरी से पहले पायदान यानी 21वें स्थान पर है। हिसार जिले में 89 प्रतिशत शिक्षकों ने टीका लगवाया है। सबसे कम नूंह में 86 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है। झज्जर जिले में सबसे अधिक 99 प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है। हिसार जिले के 871 स्कूलों में 7244 शिक्षक हैं, जिसमें 5927 शिक्षकों ने दोनों डोज, 553 ने पहली डोज लगवा ली है, जबकि 764 शिक्षकों ने एक भी डोज नहीं ली। वहीं, विद्यार्थियों की वैक्सीनेशन में भी हिसार जिला प्रदेश में 20वें नंबर पर है। 10वीं से 12वीं कक्षा में 15 से 18 साल के 47710 विद्यार्थी हैं, जिसमें 33555 (71 फीसदी) ने कोरोनारोधी टीका लगवा लिया है।
जिले में कोरोना संक्रमण का कहर निरंतर जारी है। सोमवार को महाबीर कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय व कुलेरी गांव निवासी 61 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। ये दोनों अग्रोहा मेडिकल में दाखिल थे। डॉक्टरों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों ही कोरोना के अलावा निमोनिया, लंग्स, सीओपीडी व किडनी की बीमारी से ग्रस्त थे। दोनों की हालात गंभीर बनी हुई थी व दोनों की वेंटिलेटर पर थे। उपचार के दौरान दोनों रिकवर नहीं हो पाए व दम तोड दिया। इन दोनों की मौत के साथ ही जिले में कोरोना की तीसरी लहर के संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 14 पर पहुंच गया। रविवार को भी अग्रोहा मेडिकल में 3 महीने की बच्ची व 7 साल के लड़के की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई थी। लगातार दो दिन हुई चार मौतों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
तीसरी लहर में जिले के 14 संक्रमित गंवा चुके जान
डिस्ट्रिक्ट सर्विलांस ऑफिसर डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि सोमवार को जिले में कोरोना संक्रमण के 273 नए मामले सामने आए। सक्र्रिय मरीज 1312, जबकि रिकवरी दर 95.89 फीसदी रहा। उन्होंने बताया कि जिले में 8 लाख 73 हजार 613 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसमें संक्रमण के कुल 60 हजार 94 मामले सामने आ चुके हैं। अब तक कुल 57 हजार 627 लोग कोरोना से रिकवर हो चुके हैं। कोविड-19 की पहली लहर में 327, दूसरी लहर में 814 और तीसरी लहर में 14 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. तरुण ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में चलाए जा रहे वैक्सीनेशन अभियान के तहत अभी तक 21 लाख 30 हजार 295 वैक्सीन डोज दी जा चुकी है।
आदमपुर के राजकीय कॉलेज में 100 फीसदी वैक्सीनेशन
कोरोना महामारी से निपटने के लिए चलाए गए मुफ्त टीकाकरण अभियान में बहुमूल्य योगदान देते हुए आदमपुर के एफजीएम राजकीय महाविद्यालय शत प्रतिशत वैक्सीनेशन करने वाला जिले का पहला कॉलेज बन गया है।
समिति इंचार्ज डॉ. संदीप ने बताया कि महाविद्यालय के स्टाफ व विद्यार्थियों ने कोरोनारोधी टीकाकरण की पहली डोज में शत प्रतिशत व दूसरी डोज में 80 प्रतिशत से अधिक का लक्ष्य प्राप्त किया है। प्राचार्य कृष्ण सिंह नूनिया ने कहा कि सरकार ने एक फरवरी से कॉलेज खोलने के आदेश दिए हैं। महाविद्यालय में प्रवेश के समय वैक्सीनेशन को अनिवार्य किया हुआ था। ऐसे में महाविद्यालय के सभी छात्रों व स्टाफ सदस्यों द्वारा शत प्रतिशत टीकाकरण कर प्रदेश में मिसाल कायम की है।
अब तक इतने लोगों ने ली कोरोना की डोज
प्रथम डोज 12,75,786
दूसरी डोज 8,54,509
हेल्थ केयर वर्कर की पहली डोज 14580
हेल्थ केयर वर्कर की दूसरी डोज 14445
हेल्थ केयर वर्कर प्रिकॉशनरी डोज 30742
फ्रंट लाइन वर्कर पहली डोज 8787
फ्रंट लाइन वर्कर्स दूसरी डोज- 8672
फ्रंट लाइन वर्कर्स प्रिकॉनरी डोज- 519
आयुवर्ग के अनुसार डोज
60 वर्ष से ऊपर पहली डोज 1,64,513
60 वर्ष से ऊपर दूसरी डोज 1,23,170
60 वर्ष से उपर तीसरी डोज 1141
45 से 60 वर्ष की पहली डोज 2,063,61
45 से 60 वर्ष की दूसरी डोज 2,02,417
18 से 44 आयु वर्ग की पहली डोज 7,56,414
18 से 44 आयु वर्ग की दूसरी डोज 5,05805
15 से 18 आयु वर्ग की पहली डोज 68430