हैरान करने वाली बात यह रही कि मुनीष पर वार होते रहे, उसकी चीखें निकलती रही होंगी, उसके बावजूद साथ वाले कमरे में सो रहे उसके पति दौलत राम की नींद नहीं टूटी। पुलिस की जांच के दायरे में मुनीष के जेठ के अलावा पति भी शक के दायरे में है। वही पुलिस ने महिला और फंदे पर लटके मिले उसके जेठ के शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिए। दोपहर को गांव के श्मशान घाट में दोनों का अंतिम संस्कार किया। संवाद
घटनास्थल पर मिला नया कापा
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हत्या करने वाला कई दिनों से मौके के फिराक में था। हत्यारोपी बाजार से नया कापा खरीद कर लाया। मौका मिलने ही वारदात को अंजाम दिया। अभी तक की जांच में सामने आया है कि हत्या करने वाले ने पहले महिला की गर्दन पर वार किया, उसके बाद लगातार वार किए, महिला ने बचाव के लिए अपने दोनों हाथ भी आगे किए, जिससे दोनों हाथों पर कम से कम 10 निशान मिले हैं।
पुलिस सूत्रों की मानें तो जिस घर में वारदात को अंजाम दिया गया, उस घर में दंपती के अलावा कोई नहीं रहता। हत्या करने वाले को पता था कि मुनीष किस समय दूसरे मकान से रात को अपने घर आती है। जब वह अपने घर पहुंची तो हत्यारा भी उसके पीछे पीछे आया और उसने कमरे के अंदर घुसते ही वारदात को अंजाम दे डाला। बड़ा सवाल है कि दर्द से मुनीष की चीखें निकली लेकिन साथ वाले कमरे में सो रहे उसके पति के कानों तक नहीं पहुंची। पुलिस की हर पहलू पर जांच जारी है। अभी तक कि जांच में उसके जेठ के वारदात में शामिल होने का शक है, जिसका शव वारदात वाली सुबह दूसरे मकान में फंदे पर लटका मिला।
महिला की हत्या के मामले में हर पहलू पर जांच जारी है। वारदात में एक अधिक आरोपी भी शामिल हो सकते हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
- अमर सिंह, उकलाना थाना प्रभारी