हिसार। हिसार साइबर थाना पुलिस ने रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से पार्ट टाइम जॉब में टास्क पूरा करने के नाम पर 3.17 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने इस मामले में आरोपी राजस्थान के सीकर जिले के गांव माकड़ी निवासी अमित यादव और रोहित कुमार को गिरफ्तार किया है।
हिसार साइबर थाना में एनसीसीआरपी पोर्टल पर दी शिकायत में रेलवे कर्मचारी ने बताया था कि 18 फरवरी को पार्ट टाइम जॉब के नाम पर टेलीग्राम पर मैसेज आया। इसके बाद उसने एक लिंक पर रजिस्ट्रेशन किया। एक टास्क पूरा करने पर 500 रुपये मिले। साइबर अपराधी के झांसा आकर उसने कुल 3.17 लाख रुपये बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए।
आरोपियों ने बेच दिया था अकाउंट
जांच अधिकारी एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि रेलवे कर्मचारी से पार्ट टाइम जॉब में टास्क के नाम पर ठगी गई धनराशि उक्त आरोपी अमित के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर की गई। अमित यादव का बैंक अकाउंट रोहित कुमार ने खुलवाया और आगे अन्य आरोपियों को बेच दिया था। इसके बदले में 5-5 हजार रुपये कमीशन के तौर पर मिले थ। बुधवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।