हांसी। चानौत गांव में पानी की मांग को लेकर सोमवार को दोपहर एक बजे ग्रामीण किसानों के खेतों से गुजर रही जलघरों को भाखड़ा से जोड़ने वाली पाइपलाइन को उखाड़ कर हांसी बरवाला रोड पर रखेंगे। इसको लेकर पुलिस व प्रशासन अलर्ट हो गया है। वहीं धरना कमेटी को प्रशासन की तरफ से समझाने का प्रयास भी किया गया लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अडे हुए हैं।
पेयजल और बिजली की मांग को लेकर चल रहा धरना लगातार 17वें दिन भी जारी रहा। धरना कमेटी ने घोषणा की है कि यदि प्रशासन व सरकार ने उनकी मांगों का समाधान नहीं किया तो सोमवार को किसान अपने खेतों से गुजर रही पाइपलाइन को उखाड़कर बरवाला रोड पर रखेंगे। रविवार को भूतपूर्व मंत्री प्रोफेसर छत्रपाल काफिले के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि चानौत गांव के लोगों की मांगें जायज हैं और सरकार को जल्द से जल्द इनका समाधान करना चाहिए।
इस बीच चानौत धरने के समर्थन में घिराय, खानपुर सिंधड़, खोखा, खरकड़ी, मसूदपुर और डाटा गांवों में पंचायतों का आयोजन किया गया। पंचायतों में निर्णय लिया गया कि सोमवार को इन गांवों से ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्राॅलियों और अन्य वाहनों के साथ चानौत गांव पहुंचेंगे व आंदोलन को अपना समर्थन देंगे। धरना कमेटी के सदस्यों ने कहा कि शहर के जलघर को भाखड़ा से जोड़ने वाली पाइपलाइन उनके खेतों में बिना सहमति के बिछाई गई है। न ही उनके गांव के जलघर को इससे कनेक्शन दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अंतिम समय में हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान निकालने की अपील की है ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बना रहे।
भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन का काम रुकने पर सोमवार को डीसी को सौंपेंगे ज्ञापन
हांसी। शहर की पेयजल समस्या को दूर करने के लिए भाखड़ा नहर से हांसी तक लाई जा रही मुख्य पेयजल पाइपलाइन परियोजना का काम चानौत में चल रहे धरने के चलते अधर में है। इस मामले में सोमवार को शहरवासी एकजुट होकर डीसी राहुल नरवाल को एक मांग पत्र सौंपेंगे। पार्षद प्रतिनिधि एवं पूर्व पार्षद अजय सैनी ने बताया कि यह पेयजल पाइपलाइन परियोजना विशेष रूप से हांसी शहर के नागरिकों के लिए स्वीकृत की गई है। शहर पिछले लंबे समय से भयंकर पेयजल किल्लत और जल संकट से जूझ रहा है। जब इस पाइपलाइन का काम शुरू हुआ था तब शहरवासियों को उम्मीद जगी थी कि अब उन्हें स्वच्छ और पर्याप्त पानी मिल सकेगा। लेकिन पिछले दो सप्ताह से चानौत गांव में कुछ लोगों द्वारा इसका काम रुकवा दिया गया है। उन्होंने शहर के सभी सामाजिक संगठनों, व्यापारिक यूनियनों और आम जनता से इस जनहित की मुहिम में साथ आने की अपील की है।