प्लांट में टायर रिसोल करता कर्मचारी।
हिसार। रोडवेज डिपो में सामान की कमी के कारण लंबे समय से बंद पड़ा टायर रिसोलिंग प्लांट फिर से शुरू हो गया है। प्लांट में काम शुरू होने के साथ ही अब 500 से अधिक टायरों की रिसोलिंग की जानी है।
अधिकारियों ने करीब एक माह में सभी टायरों की रिसोलिंग पूरी करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए अवकाश के दिनों में भी काम किया जाएगा।रोडवेज डिपो में स्थित इस प्लांट में बसों के पुराने टायरों की रिसोलिंग की जाती है। यहां हिसार के अलावा अन्य जिलों से भी टायर भेजे जाते हैं।
सामान उपलब्ध नहीं होने के कारण कुछ समय से प्लांट में काम ठप था। इस दौरान रिसोलिंग के लिए टायर लगातार पहुंच रहे थे। अब आवश्यक सामान उपलब्ध होने के बाद प्लांट में काम दोबारा शुरू कर दिया गया है।
डिपो में 10 माह से नहीं आ रहे नए टायर :
प्लांट के शुरू होने से टायरों की कमी से भी राहत मिलेगी। करीब 10 माह से डिपो में नए टायर नहीं आ रहे हैं। टायर न होने के कारण काफी बसें सड़कों पर नहीं उतर पा रही है लेकिन अब रिसोलिंग प्लांट के शुरू होने से कुछ टायर मिलने की उम्मीद है। प्लांट से टायर मिलते हैं तो उनकी मदद से उन बसों का संचालन किया जा सकेगा जो टायरों के अभाव में डिपो में खड़ी रहती हैं।
अवकाश के दिनों में भी किया जाएगा काम :
अधिकारियों के अनुसार प्लांट में प्रतिदिन औसतन 14-15 टायरों की रिसोलिंग की जाती है। चूंकि प्लांट में काफी टायर एकत्रित हो चुके हैं तो इसके लिए अवकाश के दिनों में भी काम किया जाएगा ताकि जल्द से जल्द इन टायरों की रिसोलिंग की जा सके।
प्लांट में रिसोलिंग का काम शुरू हो गया है। प्लांट में पहुंचे टायरों की रिसोलिंग का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। अवकाश के दिनों में भी काम करना पड़ा तो किया जाएगा।
महेंद्र शर्मा, सेंट्रल वर्कशॉप, रोडवेज