हिसार। एंटी नारकोटिक सेल ने लाडवा मोड़ से भिवानी के हनुमान ढाणी क्षेत्र निवासी विक्की को 9 हजार प्रतिबंधित गोलियों सहित काबू किया है। इनकी कीमत करीब 92 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी से 1400 रुपये की ड्रग मनी और एक बाइक भी बरामद की गई है।
अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने आरोपी खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। बुधवार को अदालत में पेश करने के बाद उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी से रिमांड के दौरान नशीली गोलियों की खरीद-फरोख्त और इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाकर अन्य संलिप्त आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
जांच अधिकारी विकास के अनुसार, एंटी नारकोटिक सेल में तैनात सहायक उप निरीक्षक शक्ति सिंह मंगलवार रात को अपनी टीम के साथ रात में गश्त कर रहे थे। टीम घोड़ा चौक बाईपास पर मौजूद थी तो उन्हें एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में सूचना मिली।
इसके आधार पर पुलिस ने साउथ बाईपास स्थित लाडवा मोड़ के पास बाइक सवार युवक को काबू किया। तलाशी के दौरान आरोपी की बाइक पर रखे हरे और पीले रंग के थैले से 9 हजार प्रतिबंधित गोलियां मिलीं। इनका कुल वजन 1 किलो 152 ग्राम पाया गया।
आगरा से लाया था नशीली गोलियां
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह आगरा से गोलियां लेकर आया था और इन्हें भिवानी में बेचने की योजना थी। वह पहले भिवानी में रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। इस काम में नुकसान होने के बाद उसने किसी के कहने पर कथित तौर पर नशे का अवैध कारोबार शुरू किया।