हांसी के नागरिक अस्पताल में दाखिल घायल आरोपी ।
हांसी/हिसार। सीआईए-1 व सीआईए -2 टीम ने 17 दिन पहले हुई जॉकी शोरूम के मैनेजर सूरज की हत्या में कार्रवाई करते हुए देर रात करीब दस बजे मुख्य आरोपी साहिल बामल सहित दो अन्य आरोपी विकास मलिक व साहिल श्योराण को गिरफ्तार कर लिया। देर रात को साहिल बामल व विकास मलिक सेक्टर पांच में छिपे हुए थे। जहां पुलिस ने दबिश दी तो आरोपी बिल्डिंग से कूद गए जिससे दोनों घायल हो गए।
सीआईए-2 इंचार्ज इंस्पेक्टर मनदीप कुमार ने बताया कि दोनों लगातार नंबर बदल कर घर वालों से बातचीत कर रहे थे और पैसे की मांग कर रहे थे। मामले में साहिल बामल, साहिल श्योराण व विकास मलिक एकसाथ फरार थे। हत्या के बाद से वह गुरुग्राम, उज्जैन व अलग अलग जगहों पर छिपे। पैसे खत्म होने पर वह वापस लौटे थे।
साहिल सोमवार को दिन में पैसे लेने के लिए हिसार गया तो वहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। साहिल ने बता दिया था कि साहिल बामल व विकास मलिक हाउसिंग बोर्ड में छिपे हैं। देर रात दस बजे पुलिस ने वहां दबिश दी तो दोनों ने घबरा कर छलांग लगा दी जिससे उनके पैरों में चोटें आईं।
पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां से उन्हें हिसार रेफर किया गया। सीआईए-1 प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले में शामिल आरोपी गौरव उर्फ घोंचू व रवि उर्फ गोलू को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।