हिसार। ऑटो मार्केट में दुकानदारों और मैकेनिकों पर लाठी-डंडों से हमला करने के तीन आरोपियों को पड़ाव चौकी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसमें रोहतक के फतेहपुरी कॉलोनी अतुल, पानीपत के मुडलाना निवासी विक्रम, रोहतक के निंदाना मोहित शामिल है।
आरोप है कि रोहतक से गाड़ियाें में सवार होकर आए इन लोगों ने 3 जून को लाठी-डंडों से हमला किया था। इसमें चार लोग घायल हुए थे। हमलावरों ने कई गाड़ियों के शीशे भी तोड़े थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडे बरामद कर लिए हैं। पूछताछ के उपरांत आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पड़ाव चौकी प्रभारी एएसआई शमशेर सिंह ने बताया कि आरोपियों ने पुराने 3 जून को ऑटो मार्केट में काम कर रहे मिस्त्रियों के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। इसके बाद यह लोग मौके से भाग गए थे। मारपीट की घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई थी।
ऑटो मार्केट में मिस्त्री का काम करने वाले गांव खरड़ निवासी रिंकू ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में रिंकू ने बताया कि 15-20 मई के बीच रोहतक निवासी रोहित हुड्डा ऑटो मार्केट में अपनी गाड़ी ठीक कराई थी। गाड़ी की मरम्मत को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने 3 जून को रिंकू सहित अन्य मिस्त्रियों के साथ मारपीट की।