हिसार। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की वजह से दूसरे देशा में दहशत बढ़ने लगी है। इसका असर अब देश और प्रदेश में भी दिखने लगा है। जिला स्वास्थ्य विभाग ने तीन टीमें गठित कर सैंपलिंग का काम शुरू कर दिया है। सोमवार को टीमों ने 780 सैंपल लिए और जांच के लिए अग्रोहा लैब में भेजा गया है। विदेश से आने वाले लोगों को अनिवार्य तौर पर सैंपल देना होगा। साथ ही उन्हें सात दिन तक होम क्वारंटीन रहना होगा।
एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, कॉलेज, जेल, भीड़ वाली जगहों पर विशेष टीमें तैनात रहेगी जो कि आने जाने वाले लोगों की सैंपलिंग करेगी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग दोबारा से उसका सैंपल लेगा। दूसरी बार निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद ऐसे व्यक्ति को बाहर रहने की अनुमति होगी। सोमवार को 300 सैंपल आईडीएसपी की टीम, 200 सैंपल नागरिक अस्पताल व 282 सैंपल अन्य जगहों से लिए। इनकी रिपोर्ट 48 घंटे में आएगी। हालांकि विभाग ने रोजाना 2000 सैंपल लेने का फैसला लिया है।
नया केस नहीं मिलने से राहत, दो सक्रिय मरीज
जिला सर्विलांस अधिकारी एवं आईडीएसपी इंचार्ज डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि सोमवार को जिले में कोरोना संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। वहीं, फिलहाल दो सक्रिय केस हैं, रिकवरी रेट 97.89 प्रतिशत है। जिले में अभी तक 7 लाख 77 हजार 158 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसमें संक्रमण के कुल 53 हजार 998 मामले सामने आ चुके हैं। अब तक कुल 52 हजार 856 लोग कोरोना से रिकवर हो चुके हैं। 1140 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। कोरोना संक्रमित आजाद नगर निवासी फौजी को होम क्वारंटीन किया है। उसे कोरोना से बचाव के लिए दवा दी गई है। फौजी को नागरिक अस्पताल में भर्ती होने का ऑफर भी दिया गया है। इसकी रिपोर्ट में नए वैरिएंट के लक्षण नहीं मिले हैं।
डेंगू : 11 नए मरीजों के साथ आंकड़ा पहुंचा 986
सोमवार को डेंगू के 11 नए मामले सामने आए। जिले में 5423 डेंगू आशंकित लोगों के सैंपल लिए जा चुके है। इसमें से 986 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। 94.93 प्रतिशत लोग रिकवर हो चुके है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि डेंगू के केस धीरे-धीरे कम होते जा रहे हैं।