पुलिस विभाग की तीसरी राहगिरी में भाग लेने वाला हर शख्स मदमस्त नजर आया। लोग रविवार सुबह दो घंटे चले कार्यक्रम में खूब खुशनुमा दिखे। इतना ही नहीं वहां लगभग हर खेल की झलक देखने को मिली। लोगों ने वहां कार्यक्रमों में भाग लेकर आनंद उठाया। तीसरे राहगिरी प्रोग्राम के मुख्य अतिथि सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता थे।
राहगिरी कार्यक्रम में लक्ष्मीबाई चौक से मधुबन पार्क चौक तक बच्चे साइकिल चला रहे थे या स्केटिंग कर रहे थे। मधुबन चौक से एचएयू के एक नंबर गेट की तरफ बढने पर योगी योग करते मिले। उसके बाद एचएयू के गेट नंबर एक के आगे स्टेज लगा था। इस स्टेज पर और स्टेज के आगे हर वर्ग के लोग डीजे पर तेज आवाज में बज रहे गानों पर डांस कर रहे थे। एक नन्हीं बच्ची ने वहां बेटी बचाओ-बेटी पढाओ का संदेश दिया। स्टेज पर काफी प्रतिभागियों ने डांस कर प्रस्तुति दी। महाबीर स्टेडियम के गेट के साथ ही ड्राइंग कंपीटीशन हुआ। उसके साथ नेकी की दीवार सजी थी। कोई भी वहां कपड़े देकर आ सकता था और जरूरमतंद वहां से कपड़ेे ले जा सकता था। हालांकि वहां कोई कपड़ा ले जाता नजर नहीं आया। कार्यक्रम में एक बोर्ड पर नशे के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान जारी था।
पीठू और स्टापू में दिखाई रुचि
थोड़ा पंचायत भवन की तरफ बढ़ने पर सांप सीढ़ी का खेल और गोला फेंकने का क्रम जारी थी। ठीक उसके सामने बालभवन की तरफ प्रतिभागी शतरंज खेल रहे थे। उसके आगे पंचायत भवन की तरफ चलने पर स्टापू, रस्सी कूद, पीठू फोड़ और साइकिल का टायर छोटे डंडे से चलाने का क्रम जारी था। आखिरी में गवर्नमेंट कॉलेज के गेट के आगे प्रतिभागी ऐरोबिक में झूम रहे थे। स्टेज पर और उसके आगे डीजे की धुन पर लोग जमकर थिरके। इस कार्यक्रम का आयोजन लक्ष्मी बाई चौक से पंचायत भवन तक हुआ। पुलिस कर्मी लक्ष्मी बाई चौक पर बेरीकेड्स लगाए खड़े थे। राहगिरी के समय के दौरान उससे आगे वाहन नहीं जाने दिया दिया। दूसरी तरफ नगर परिषद की तरफ से मधुबन चौक पर वाहनों को रोका गया। उससे आगे वाहन नहीं आने दिए। एचएयू का गेट नंबर एक 7 से 9 बजे तक बंद रहा।
नागरिक अधिक से अधिक संख्या में भाग लें : सीपीएस
डॉ. गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि सभी नागरिकों को राहगिरी में परिवार सहित अधिक से अधिक भाग लेना चाहिए। राहगीरी से आमजन के स्वास्थ्य पर अनुकूल प्रभाव पड़ता है। अखबारों के माध्यम से दिए गए बुलावे पर वकीलों, व्यापारियों, डॉक्टरों और समाजसेवी संस्थाओं को राहगिरी प्रोग्राम से जुड़ना चाहिए।
लोगों को एक मंच पर लाकर खड़ा किया : एसपी
एसपी राजेंद्र कुमार मीणा के नेतृत्व में राहगिरी प्रोग्राम आयोजित किया गया। एसपी ने राहगिरी प्रोग्राम के आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रोग्राम के माध्यम से न केवल लोगों की सोच बदली है। बल्कि भिन्न भिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं खेलों के द्वारा राहगीरी प्रोग्राम ने समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर खड़ा कर दिया है।
अब राहगीरी 27 को
एसपी मीणा ने कहा कि आगामी राहगिरी 27 नवंबर को होगी, जिसमें विभिन्न प्रकार के न केवल हरियाणवी, बल्कि राजस्थानी तीज त्योहारों पर होने वाले नृत्य एवं गायन शामिल किए जाएंगे। राहगिरी प्रोग्राम के माध्यम से मनोरंजन ही नहीं, बल्कि युवाओं को नशे व आपराधिक घटनाओं से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ताकि एक स्वच्छ एवं अपराध मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका रहे।
ये रहे मौजूद
राहगिरी प्रोग्राम में लक्ष्य पब्लिक स्कूल धांसू द्वारा ताईक्वांडो, लोक नृत्य बेहद रोचक व मनोरंजक रहा। अरोमा कम्युनिकेशन के हेड अशोक हंस और एएसआई हरीश भारद्वाज द्वारा राहगिरी प्रोग्राम के आयोजन में किये गए अथक प्रयासों की एसपी ने सराहना की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया, बिजली विभाग के एससी डी.एल.हंसु, डीएसपी जयपाल सिंह, भगवानदास, अन्य कर्मचारियों के अलावा भारी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।