हिसार। बड़वाली ढाणी में बंद मकान की छत के जरिये खिड़की तोड़कर अंदर घुसे चोर नकदी, डॉलर, गहने और अन्य सामान चुरा ले गए। घटना के वक्त परिवार राजस्थान गया हुआ था। मकान मालिक इंद्रजीत की शिकायत पर एचटीएम पुलिस थाना ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में इंद्रजीत ने बताया कि उसका बेटा राजस्थान में कोपर खेतड़ी में रहता है। 7 मार्च को परिवार के साथ वहां गए थे। 29 मार्च को लौटे तो घर का सामान बिखरा मिला। छत पर लगी खिड़की टूटी पड़ी थी। घर से चोर दो सोने की अंगूठी, दो चांदी की अंगूठी, सोने की चेन, एक जोड़ी टॉपस, एक सैट झुमका, माथे का बोरला, सोने का लॉकेट, 13 चांदी के सिक्के, एक सैट टॉपस, एक सोने की गंठी, कुछ डॉलर, कपड़े और 70 हजार रुपये ले गए। एचसी विरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी पकड़ में होंगे।